Chhattisgarh Latest News: रायपुर। राजधानी रायपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को जल्द ही बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में राजधानी में अत्याधुनिक एकीकृत परीक्षा केंद्र (यूनिफाइड एग्जामिनेशन सेंटर) का निर्माण प्रस्तावित है। इस केंद्र में एक साथ 20 हजार से अधिक परीक्षार्थियों के बैठने की सुविधा होगी। साथ ही पार्किंग, सुगम प्रवेश और ऑनलाइन परीक्षा सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका निर्माण पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित है, जिससे परीक्षार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण भी मिलेगा।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने एकीकृत परीक्षा केंद्र के प्रस्तावित निर्माण को लेकर समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर में NEET, कर्मचारी चयन मंडल, UPSC सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन किया जाता है। वर्तमान में परीक्षा केंद्र अलग-अलग क्षेत्रों में होने के कारण परीक्षार्थियों को आवागमन, यातायात और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। एकीकृत परीक्षा केंद्र के निर्माण से परीक्षार्थियों को एक ही स्थान पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे उनके समय की बचत होगी और परीक्षा देने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध होगा।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र का निर्माण भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जाए। भवन में बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के एक साथ ऑनलाइन परीक्षा देने की सुविधा भी विकसित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों के प्रवेश और सुरक्षा जांच के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए जाएं, ताकि फ्रिस्किंग के दौरान अनावश्यक भीड़ न हो और परीक्षार्थियों का समय बर्बाद न हो। इसके साथ ही सुव्यवस्थित पार्किंग और आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने कहा कि एकीकृत परीक्षा केंद्र का निर्माण आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप किया जाए, ताकि यह भवन पूरे देश में छत्तीसगढ़ की एक अलग पहचान के रूप में स्थापित हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण की कार्ययोजना में परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन ने कहा कि परीक्षा केंद्र का निर्माण पर्यावरण अनुकूल (इको फ्रेंडली) तरीके से किया जाए। परिसर में ऐसा सकारात्मक और शांत वातावरण विकसित किया जाए, जिससे परीक्षार्थी बिना किसी परेशानी के एकाग्रता के साथ परीक्षा दे सकें। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

