Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ मौदहापारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 14.10 ग्राम हेरोइन और 6,700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1,05,400 रुपये बताई गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बाम्बे मार्केट स्थित सुलभ शौचालय के पास मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त हो रही है। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर अब्दुल अजीम उर्फ अज्जू निवासी मौदहापारा और मोहम्मद शब्बीर निवासी अफरोज बाग को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से करीब 98,700 रुपये की हेरोइन और बिक्री की रकम बरामद हुई। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने जोरापारा स्थित विट्ठल देव मंदिर के पास चाकू लहराकर राहगीरों को डराने के आरोप में अनिकेत यादव उर्फ शेरा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से धारदार बटनदार चाकू जब्त किया गया है। आरोपी मौदहापारा थाने का सूचीबद्ध गुंडा बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। इसके अलावा रोशन दास मानिकपुरी के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई है।

