Chhattisgarh News: रायपुर: छत्तीसगढ़ में निजी स्कूलों के शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाए जाने की तैयारी का विरोध शुरू हो गया है। छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने इस पर आपत्ति जताते हुए सरकार से निजी स्कूलों के शिक्षकों को जनगणना कार्य से अलग रखने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना में लगाए जाने से स्कूलों की पढ़ाई और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित होंगी।
पढ़ाई प्रभावित होने की जताई आशंका
एसोसिएशन के मुताबिक, निजी स्कूल पहले से ही कम शैक्षणिक दिनों की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में शिक्षकों को जनगणना कार्य में लगाने से स्कूलों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। संगठन का कहना है कि निजी स्कूलों के पास अतिरिक्त छुट्टियां देने की गुंजाइश भी नहीं है।
220 दिन कक्षाएं लगाने का नियम, 180-185 दिन ही चल रहे स्कूल
एसोसिएशन ने स्कूलों में शैक्षणिक दिनों की कमी का मुद्दा भी उठाया है। संगठन का कहना है कि स्कूल शिक्षा विभाग के नियमों के अनुसार साल में 220 दिन कक्षाएं संचालित करना अनिवार्य है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से स्कूल 180 से 185 दिन ही संचालित हो पा रहे हैं। ऐसे में यदि शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाई जाती है तो पढ़ाई के साथ-साथ स्कूलों की दूसरी जरूरी शैक्षणिक गतिविधियों पर भी असर पड़ेगा।
दूसरे विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने का सुझाव
एसोसिएशन का कहना है कि जनगणना कार्य के लिए केवल शिक्षकों पर निर्भर रहने के बजाय सरकार के अन्य विभागों के कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई जानी चाहिए। संगठन के अनुसार, कई ऐसे शासकीय विभाग हैं, जिनके कर्मचारियों की जनगणना कार्य में उतने अनुपात में ड्यूटी नहीं लगती, जितनी सरकारी स्कूलों के शिक्षकों की लगाई जाती है। एसोसिएशन ने सुझाव दिया है कि ऐसे विभागों के कर्मचारियों की सेवाएं लेकर निजी स्कूलों के शिक्षकों को जनगणना की जिम्मेदारी से अलग रखा जा सकता है।
सरकार से फैसला वापस लेने का अनुरोध
छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने सरकार से अनुरोध किया है कि निजी स्कूलों के शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में नहीं लगाई जाए। संगठन का कहना है कि शिक्षकों की अनुपलब्धता से स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होगी। इसलिए जनगणना कार्य के लिए दूसरे विभागों के कर्मचारियों की सेवाएं ली जानी चाहिए।

