CG News: अमित बघेल ने कोर्ट में किया सरेंडर, तीन महीने की अंतरिम जमानत अवधि पूरी होने के बाद पहुंचे न्यायालय

CG News: अमित बघेल ने कोर्ट में किया सरेंडर, तीन महीने की अंतरिम जमानत अवधि पूरी होने के बाद पहुंचे न्यायालय

Chhattisgarh Latest News: रायपुर: जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल ने बुधवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। बिलासपुर हाईकोर्ट से मिली तीन महीने की अंतरिम जमानत की अवधि पूरी होने के बाद उन्होंने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इस दौरान कोर्ट परिसर के बाहर बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद रहे।

अमित बघेल के खिलाफ अग्रवाल और सिंधी समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में रायपुर के तेलीबांधा, कोतवाली और देवेंद्र नगर समेत प्रदेश के अलग-अलग थानों में FIR दर्ज की गई थीं। इन मामलों में कुल 14 FIR दर्ज होने की बात सामने आई थी। गिरफ्तारी के बाद उन्होंने कानूनी राहत के लिए हाईकोर्ट का रुख किया था।

तीन मामलों में मिली थी तीन महीने की अंतरिम जमानत

अमित बघेल को दिसंबर 2025 में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी थी, लेकिन तीन अलग-अलग मामलों में उन्हें तीन महीने की अंतरिम जमानत दी थी। यह राहत कुछ शर्तों के साथ प्रदान की गई थी।

अंतरिम जमानत के दौरान कोर्ट ने उन्हें अगले तीन महीने तक रायपुर जिले की सीमा में निवास नहीं करने का निर्देश दिया था। हालांकि, निर्धारित पेशी की तारीखों पर उन्हें रायपुर आने की अनुमति दी गई थी।

उनके वकील हर्षवर्धन परगनिया ने तीन महीने की अंतरिम जमानत मिलने की जानकारी दी थी। वहीं, आपत्तिकर्ता के वकील सुनील ओटवानी ने कहा था कि हाईकोर्ट ने नियमित जमानत याचिका खारिज की है और अमित बघेल को तीन महीने का पैरोल दिया गया है।

छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा तोड़े जाने के बाद शुरू हुआ था विवाद

पूरा विवाद 26 अक्टूबर 2025 को रायपुर के VIP चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा से तोड़फोड़ की घटना के बाद शुरू हुआ था। प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने पर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान वहां हंगामा हुआ और कार्यकर्ताओं तथा पुलिसकर्मियों के बीच झड़प भी हुई थी।

हंगामे के बाद छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा दोबारा स्थापित कर दी गई थी। पुलिस ने प्रतिमा तोड़ने के आरोपी को गिरफ्तार किया था। उसके परिजनों के मुताबिक, आरोपी मानसिक रूप से बीमार है और उसका पहले सेंदरी तथा रांची में इलाज भी कराया गया था।

कथित टिप्पणी के बाद दर्ज हुई थीं कई FIR

प्रतिमा तोड़फोड़ की घटना के बाद अमित बघेल ने अग्रवाल और सिंधी समाज को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी बयान को लेकर विवाद बढ़ गया और उनके खिलाफ अलग-अलग थानों में शिकायतें दर्ज कराई गईं।

प्रदेशभर में हुआ था विरोध, माफी की उठी थी मांग

अमित बघेल की कथित टिप्पणी के विरोध में रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन हुए थे। अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की थी।

समाज के प्रतिनिधियों का कहना था कि इस तरह की टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है। इसके बाद रायपुर के अलग-अलग थानों के साथ प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई गई थीं। अब तीन महीने की अंतरिम जमानत अवधि पूरी होने के बाद अमित बघेल ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है।


Related Articles