Dhamtari Latest News: धमतरी में चिट्टा बेचने की तैयारी में थे तीन युवक, मुख्य सप्लायर का नाम भी आया सामने

Dhamtari Latest News: धमतरी में चिट्टा बेचने की तैयारी में थे तीन युवक, मुख्य सप्लायर का नाम भी आया सामने

Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोरिद नगर स्थित शीतला मंदिर के पास चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन, नकदी, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन समेत कुल 3 लाख 53 हजार 520 रुपये का मशरूका जब्त किया है। पूछताछ में कथित मुख्य सप्लायर की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

धमतरी पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन निश्चय चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि सोरिद नगर स्थित शीतला मंदिर के पास कुछ युवक हेरोइन यानी चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और तीनों संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 9 हजार रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, तीन मोबाइल फोन और दो लाइटर भी जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत 3 लाख 53 हजार 520 रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव उर्फ बब्लू सोनी, शुभम सोनी और आशुतोष उर्फ आशु तिवारी के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में कथित मुख्य सप्लायर की भूमिका भी सामने आई है। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।


Related Articles