Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सरकंडा पुलिस ने कथित न्यूज पोर्टल ‘द हनी बैजर न्यूज’ के संचालक दीपक टंडन को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से तस्वीरों में बदलाव कर भ्रामक और आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। पुलिस ने उसे रायपुर के रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक शीर्षकों के साथ भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही हैं। इन खबरों में AI तकनीक से तस्वीरों को बदलकर गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया जा रहा था। इससे संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई थी।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और रायपुर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए मोबाइल फोन की जांच में न्यूज पोर्टल से संबंधित कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि दीपक टंडन का नाम डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े मामले में भी सामने आया था। टंडन ने तत्कालीन दंतेवाड़ा पदस्थ डीएसपी कल्पना वर्मा पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। उसका दावा था कि दोनों के बीच करीब चार साल तक प्रेम संबंध रहे और इस दौरान उससे लगातार पैसों की मांग की गई। उसने करोड़ों रुपये, महंगी गाड़ी और कीमती गहने देने का भी दावा किया था। टंडन ने इस संबंध में डीजीपी और आईजी से शिकायत की थी। शिकायत में महादेव सट्टा एप का पैनल चलाने के लिए दबाव बनाए जाने जैसे आरोप भी लगाए गए थे। हालांकि, ये आरोप टंडन की ओर से लगाए गए थे।

