Chhattisgarh Latest News: राहुल गांधी के डिबेट चैलेंज पर मंत्री ओपी चौधरी का पलटवार, बोले- राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए कर रहे बयानबाजी

Chhattisgarh Latest News: राहुल गांधी के डिबेट चैलेंज पर मंत्री ओपी चौधरी का पलटवार, बोले- राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए कर रहे बयानबाजी

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। राहुल गांधी के सार्वजनिक बहस के चैलेंज और एसआईआर के मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र बुलाने संबंधी बयान को लेकर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जनता राहुल गांधी को नकार चुकी है और उन्हें 100 से अधिक बार पराजय का सामना करना पड़ा है। ओपी चौधरी के मुताबिक, राहुल गांधी अपनी राजनीतिक हैसियत बढ़ाने के लिए बहस की बात कर रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी को जॉइंट पार्लियामेंट या संसद के विशेष सत्र में चर्चा का प्रस्ताव दिया है, लेकिन राहुल गांधी इस चर्चा से दूर भागेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी राजनीतिक पहचान बढ़ाने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं।

पीपल सिटी में 5 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य

ओपी चौधरी ने नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में विकसित करने की योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को ‘विकसित भारत संकल्प पीपल वन’ का लोकार्पण किया था। शुरुआत में एक लाख पीपल के पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे अब बढ़ाकर पांच लाख कर दिया गया है।

वंदे मातरम अधूरे गायन पर नोटिस जारी

रायगढ़ के एक कॉलेज में वंदे मातरम का पूरा गायन नहीं होने के मामले में नोटिस जारी किए जाने पर भी वित्त मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कॉलेज में पहले वंदे मातरम का अधूरा गायन हुआ था, जिसके बाद इसे पूरा कराया गया। इस मामले में कलेक्टर ने प्रशासनिक सख्ती बरतते हुए नोटिस जारी किया है। ओपी चौधरी ने लोगों से वंदे मातरम एक्ट का पालन करते हुए व्यवहार करने की अपील की।

नक्सलवाद खत्म होने के बाद बस्तर में विकास की नई संभावनाएं

बस्तर के विकास को लेकर ओपी चौधरी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर प्रदेश को बड़ी सौगात दी थी। इसके लिए छत्तीसगढ़वासी उनके आभारी हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद समाप्त होने के बाद बस्तर में विकास की नई संभावनाएं उभर रही हैं। आने वाले समय में बस्तर पर्यटन के क्षेत्र में विकसित होगा और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने छत्तीसगढ़ के हित में राज्य निर्माण का फैसला नहीं लिया था।


Related Articles