Chhattisgarh Rajyotsav 2026: आज होगा छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का समापन, अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि; राज्य की विभूतियों को मिलेगा अलंकरण

Chhattisgarh Rajyotsav 2026: आज होगा छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का समापन, अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि; राज्य की विभूतियों को मिलेगा अलंकरण

CG Rajya Utsav 2026: रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का आज 3 नवंबर को समापन होगा। समापन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रदेश की विभूतियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। समारोह में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और संगीत की भी झलक देखने को मिलेगी।

अमित शाह अपने दौरे के दौरान नवा रायपुर में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा वे राजधानी रायपुर में पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के लोकार्पण कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। केंद्रीय गृहमंत्री करीब पांच घंटे रायपुर में रहेंगे।

अमित शाह का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दोपहर 3:05 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के लिए रवाना होंगे। दोपहर 3:30 बजे अस्पताल पहुंचकर शाम 5 बजे तक लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके बाद वे नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन पहुंचेंगे, जहां विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे। शाम 5:55 बजे उनके राज्योत्सव मैदान पहुंचने का कार्यक्रम है। वे शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे।

राज्य की विभूतियों को मिलेगा राज्य अलंकरण

राज्योत्सव के समापन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रदेश की प्रतिभाओं को राज्य अलंकरण प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और संगीत की विशेष प्रस्तुतियां होंगी।

दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद पद्मश्री उषा बारले पंडवानी की प्रस्तुति देंगी। वहीं, रात 9 बजे के बाद पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य की म्यूजिकल परफॉर्मेंस प्रस्तावित है।

नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य के बीच अमित शाह का दौरा अहम

इस बार राज्योत्सव ऐसे समय आयोजित हो रहा है, जब प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान जारी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देश से नक्सलवाद खत्म करने के लिए 31 मार्च 2026 की समयसीमा तय की थी। ऐसे में राज्योत्सव के समापन समारोह में उनकी मौजूदगी को नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। तीन दिवसीय राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, विकास और बदलते प्रदेश की झलक पेश की गई है।

राज्योत्सव स्थल पर 40 हजार वाहनों की पार्किंग व्यवस्था

राज्योत्सव में पहुंचने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए छह रास्तों से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही करीब 40 हजार वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आयोजन स्थल पर लोगों की सुविधा के लिए 300 शौचालय बनाए गए हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अस्पताल और 25 एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।


Related Articles