काठमांडू: नेपाल से एक बड़े विमान हादसे की खबर सामने आई है। यहां सोलुखुंबु जिले के फेरीचे हेलिपैड पर लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। दुर्घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर होते हुए दिखाई दे रही है।
जानकारी के मुताबिक, फिस्टेल और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर फेरीचे हेलिपैड पर उतर रहे थे। इसी दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के पंखे आपस में टकरा गए और हादसा हो गया। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने बताया कि लैंडिंग के दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के पंखों के टकराने की जानकारी मिली है। दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
विदेशी नागरिक की मौत, घायल को अस्पताल भेजा
सोलुखुंबु जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी नवीनराज बुढाथोकी के अनुसार, खुम्बु पासांगल्हामु क्षेत्र के फेरीचे हेलिपैड पर उतरते समय दोनों हेलीकॉप्टरों के पंखे आपस में टकराए थे। हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत हुई है। हालांकि, मृतक किस देश का नागरिक था, इसकी पहचान नहीं हो सकी है।
वहीं, सोलुखुंबु के पुलिस निरीक्षक मौसम तामांग ने बताया कि दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए माउंटेन हेलिकॉप्टर से भेजा गया है। मृतक के शव को प्रभु हेलिकॉप्टर के जरिए लुक्ला लाया गया है।
फ्लोरिडा में बिजनेस जेट क्रैश, सभी 9 लोगों की मौत
इसी बीच अमेरिका के फ्लोरिडा में भी एक बड़ा विमान हादसा हुआ है। सोमवार को दक्षिण फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके में बिजनेस जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, यह जेट दोपहर करीब 12:50 बजे पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके में गिरा और आग के बड़े गोले में तब्दील हो गया। हादसे की जगह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रिसॉर्ट मार-ए-लागो से लगभग 9 मील (14 किलोमीटर) दूर बताई गई है।

