Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा: कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड अंतर्गत दामापुर में उप तहसील कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यालय शुरू होने से दामापुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को राहत मिलेगी। अब उन्हें जमीन और राजस्व संबंधी कार्यों के लिए पंडरिया तहसील कार्यालय तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर ही राजस्व संबंधी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
दरअसल, दामापुर क्षेत्र पंडरिया विकासखंड के बड़े ग्रामीण इलाकों में शामिल है। आसपास के कई गांवों के लोग विभिन्न शासकीय और राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दामापुर पर निर्भर रहते हैं। अब तक छोटे-बड़े राजस्व कार्यों के लिए ग्रामीणों को पंडरिया जाना पड़ता था। इससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च होते थे। इसी परेशानी को देखते हुए क्षेत्रवासी लंबे समय से दामापुर में उप तहसील कार्यालय शुरू करने की मांग कर रहे थे।
विधायक भावना बोहरा ने जताई खुशी
ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि दामापुर में उप तहसील कार्यालय की शुरुआत क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात है। अब लोगों को जमीन और राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
स्थानीय स्तर पर होगा समस्याओं का निराकरण
विधायक ने कहा कि स्थानीय स्तर पर शासकीय कामकाज की सुविधा मिलने से ग्रामीणों का समय और पैसा बचेगा। साथ ही उनकी राजस्व संबंधी समस्याओं का निराकरण भी सुगम होगा। उन्होंने इस सौगात के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
शुभारंभ अवसर पर मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और ग्रामीण
उप तहसील कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

