Chhattisgarh Latest News: सारंग टीम के कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’, एयर-शो ने बढ़ाया स्थापना दिवस का उत्साह

Chhattisgarh Latest News: सारंग टीम के कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’, एयर-शो ने बढ़ाया स्थापना दिवस का उत्साह

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर के सेंध लेक में भारतीय वायु सेना का भव्य एयर-शो आयोजित किया गया। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय वायु सेना के अद्भुत शौर्य, साहस और उड़ान कौशल का प्रदर्शन देखा। सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम के पांच हेलीकॉप्टरों के रोमांचकारी करतब, आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के साहसिक प्रदर्शन और गरुड़ कमांडोज की विशेष ऑपरेशन प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आसमान में तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय वायु सेना के जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सारंग टीम का आयोजन प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि वायु वीरों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया, वह विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। यह आयोजन केवल हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का परिचय है।

राज्यपाल ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन अनुशासन, आपसी विश्वास और टीम भावना का अनुपम उदाहरण है। सारंग का अर्थ मोर होता है, जो देश की विशिष्ट पहचान और सुंदरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन और साहसिक करतबों के पीछे विस्तृत योजना, निरंतर अभ्यास, एकाग्रता और असाधारण समन्वय होता है। यह प्रदर्शन युवाओं को अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने और सामूहिक प्रयासों से कठिन लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देता है।

एयर-शो की शुरुआत भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने की। टीम के जवानों ने ऊंचाई से छलांग लगाकर पैराशूट के जरिए निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। उनके संतुलन, साहस और नियंत्रण को देखकर दर्शकों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया। इस प्रदर्शन में जवानों की शारीरिक दक्षता, मानसिक एकाग्रता और कठिन प्रशिक्षण की झलक देखने को मिली।

इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन किया। कमांडोज ने आठ हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट लैंडिंग की। इसके बाद एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग करते हुए रस्सियों के सहारे नीचे उतरे। जवानों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और मिशन को पूरा करने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रस्तुति के अंत में कमांडोज ने मंच को सलामी दी।

एयर-शो का मुख्य आकर्षण ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की प्रस्तुति रही। टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में एक के बाद एक आकर्षक फॉर्मेशन और रोमांचकारी करतब दिखाए। कभी हेलीकॉप्टर एक-दूसरे के बेहद करीब आते दिखाई दिए, तो कभी अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरने के बाद दोबारा निर्धारित फॉर्मेशन में एक साथ आ गए। हेलीकॉप्टरों का एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरने वाला क्रॉसओवर करतब दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहा।

राज्य स्थापना दिवस के मौके पर सारंग टीम ने छत्तीसगढ़ के प्रति विशेष सम्मान भी प्रदर्शित किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने हेलीकॉप्टर के कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष कर प्रदेशवासियों का अभिवादन किया। आसमान से गूंजे इस संदेश ने दर्शकों का उत्साह और बढ़ा दिया।

एयर-शो के अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ की धुन के बीच तिरंगे की आकर्षक फॉर्मेशन बनाई। हेलीकॉप्टरों का सटीक तालमेल, आसमान में तिरंगे के रंगों की छटा और देशभक्ति गीत की गूंज ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसी के साथ कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ।

उल्लेखनीय है कि भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम दुनिया की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रदर्शन टीम है। टीम जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में अब तक 1500 से अधिक हवाई प्रदर्शन कर चुकी है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद, विधायक, निगम-मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।


Related Articles