Dhamtari Latest News: गंदे पानी की सप्लाई से भड़का वार्डवासियों का गुस्सा, बोतल लेकर नगर निगम पहुंचे लोग

Dhamtari Latest News: गंदे पानी की सप्लाई से भड़का वार्डवासियों का गुस्सा, बोतल लेकर नगर निगम पहुंचे लोग

Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। शहर के सोरिद वार्ड में गंदे पानी की सप्लाई को लेकर वार्डवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। दूषित पानी से परेशान लोग बोतलों में गंदा पानी लेकर कांग्रेस पार्षदों के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने निगम प्रशासन से साफ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग करते हुए समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सोरिद वार्ड में पिछले एक महीने से दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। मजबूरी में इसी पानी का इस्तेमाल करने से लोग बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। नाराज वार्डवासियों ने अधिकारियों को भी वही पानी पीने की चुनौती दी, जिसे वे पिछले 30 दिनों से इस्तेमाल करने को मजबूर हैं।

प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक कोई अधिकारी बाहर नहीं आया तो आक्रोशित लोग नगर निगम कार्यालय के भीतर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने ‘निगम प्रशासन होश में आओ’ और ‘वार्ड में साफ पानी उपलब्ध कराओ’ जैसे नारे लगाए। वार्डवासियों ने कहा कि पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी उन्हें प्रदर्शन करना पड़ रहा है।

कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर निगम की ओर से वार्ड में पानी की टंकी तक की समुचित व्यवस्था नहीं की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

वहीं, मामले में निगम के जल विभाग सभापति ने बताया कि वार्ड में नाले के पास पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण गंदा पानी सप्लाई लाइन में मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि लीकेज की मरम्मत का काम जारी है और जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। अब देखना होगा कि निगम प्रशासन की ओर से मरम्मत का काम कितनी जल्दी पूरा होता है और वार्डवासियों को साफ पानी कब तक मिल पाता है।


Related Articles