Korba Latest News: हसदेव नदी से रिहायशी इलाके तक पहुंच रहे मगरमच्छ, नदी-नाले में नहीं जाने की अपील

Korba Latest News: हसदेव नदी से रिहायशी इलाके तक पहुंच रहे मगरमच्छ, नदी-नाले में नहीं जाने की अपील

Chhattisgarh Korba News: कोरबा। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र के प्रेम नगर वार्ड क्रमांक 65 स्थित भैरोताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब खोलार नाले से लगी रेलवे पटरी के पास मगरमच्छ का एक बच्चा दिखाई दिया। मगरमच्छ को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद इलाके में लोगों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है।

सूचना मिलते ही क्षेत्र के पार्षद प्रेम साहू मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से मगरमच्छ के बच्चे को पकड़कर बोरे में बंद किया और इसकी जानकारी वन विभाग को दी। पार्षद ने बताया कि इससे पहले भी रेलवे पटरी पर एक मगरमच्छ मृत अवस्था में मिला था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कोई बड़ा मगरमच्छ भी आसपास मौजूद हो सकता है।

बताया जा रहा है कि खोलार नाला हसदेव नदी से जुड़ा हुआ है। इसी रास्ते मगरमच्छ रिहायशी इलाके तक पहुंच सकते हैं। कुछ दिन पहले भी क्षेत्र में एक मगरमच्छ मृत मिला था। लगातार मगरमच्छ दिखाई देने की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। पार्षद प्रेम साहू ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा के मद्देनजर नदी और नाले के आसपास जाने से बचें और पानी में उतरने की गलती न करें।


Related Articles