Chhattisgarh Hockey League: रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों सहित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस आयोजन से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिला है।
गांवों और जनजातीय क्षेत्रों में मौजूद हैं खेल प्रतिभाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। गांवों, जनजातीय अंचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में अपार खेल प्रतिभाएं मौजूद हैं। जरूरत है कि उन्हें उचित अवसर, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रही है।
छह टीमों ने मिलकर बनाया खेल उत्सव
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग ने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों को खेल के माध्यम से एक सूत्र में पिरोने का काम किया है। प्रतियोगिता में राजधानी रॉयल्स, न्यायधानी नाइट्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, बैलाडीला बुल्स और मैनपाट टाइटंस सहित छह टीमों ने भाग लिया। बस्तर से सरगुजा और रायगढ़ से राजनांदगांव तक के खिलाड़ियों को एक-दूसरे के साथ खेलने, अनुभव साझा करने और अपनी खेल क्षमता निखारने का अवसर मिला।
हर टीम में ओलंपिक खिलाड़ी की रही सहभागिता
लीग की एक बड़ी विशेषता प्रत्येक टीम में एक-एक ओलंपिक खिलाड़ी की सहभागिता रही। इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले अनुभवी खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा करने और हॉकी की बारीकियां सीखने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ बना प्रेरक संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का संदेश ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ प्रदेश के युवाओं को खेल के मैदान से जोड़ने का प्रेरक मंत्र बनकर सामने आया है। प्रतियोगिता के मुकाबलों का प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया गया, जिससे छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों की प्रतिभा व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंची। हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में कमेंट्री की व्यवस्था ने आयोजन को स्थानीय संस्कृति से भी जोड़ा।
मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन से प्रतिभाओं की होगी पहचान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें प्रोत्साहित करने और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन की शुरुआत की गई है। इसके माध्यम से गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण केंद्रों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि संसाधनों के अभाव में किसी भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी का सपना अधूरा न रह जाए।
भारतीय हॉकी टीम में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी पहुंचेंगे: सीएम साय
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग से ऐसी प्रतिभाएं सामने आएंगी, जो भारतीय हॉकी टीम की जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीतेंगी। उन्होंने लीग के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, सभी छह टीमों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आयोजन से जुड़े सहयोगियों को बधाई दी।
डॉ. मांडविया बोले- छत्तीसगढ़ हॉकी लीग पूरे देश के लिए रोल मॉडल
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन पूरे देश के लिए रोल मॉडल है। यदि सरकार में दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो ऐसे सफल आयोजन संभव हैं। ऐसे आयोजनों से खेलों के विकास के साथ अच्छे खिलाड़ियों का निर्माण भी होता है।
उन्होंने कहा कि हॉकी देश का गौरव है और भारत की समृद्ध खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद ने अपने अद्भुत खेल कौशल से पूरी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाया। उनकी उपलब्धियां आज भी देश के युवा खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।
खेलो इंडिया और फिट इंडिया से बदला खेल का माहौल
डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति नया वातावरण तैयार हुआ है। खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों ने युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाई है। आज युवा खेल को केवल मनोरंजन या शारीरिक दक्षता का माध्यम नहीं, बल्कि प्रतिभा प्रदर्शित करने और उज्ज्वल भविष्य बनाने के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देख रहे हैं।
राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगी
केंद्रीय मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का स्वरूप और अधिक व्यापक एवं प्रतिस्पर्धात्मक होगा। यह लीग प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने का सशक्त मंच बनेगी। इससे राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की एक नई पहचान स्थापित होगी।

