Chhattisgarh Surguja News: सरगुजा। जिले के लखनपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत गोरता में पांच महीने से राशन नहीं मिलने के आरोप पर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। नाराज ग्रामीणों ने राशन दुकान में ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने राशन वितरण में अनियमितता और खाद्यान्न की कथित हेराफेरी के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि गोरता गांव में संचालित राशन दुकान की वितरण व्यवस्था लंबे समय से मनमाने तरीके से चल रही है। हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न नहीं दिया जा रहा है और कई परिवार महीनों से राशन के लिए भटक रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, बार-बार मांग करने के बावजूद उन्हें राशन नहीं मिलता। दुकान पहुंचने पर कई बार खाद्यान्न खत्म होने की बात कहकर वापस भेज दिया जाता है।
900 राशन कार्डधारी, 400 हितग्राहियों को राशन नहीं मिलने का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत गोरता में लगभग 900 राशन कार्डधारी हितग्राही हैं। इनमें करीब 400 लोगों को कई महीनों से राशन नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि राशन देने के नाम पर कई बार उनसे अंगूठा लगवा लिया जाता है, लेकिन खाद्यान्न मांगने पर राशन खत्म होने की बात कही जाती है। उन्होंने राशन दुकान संचालक पर करीब 25 लाख रुपये के राशन की हेराफेरी का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इस राशि और कथित गड़बड़ी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गांव की राशन दुकान का संचालन महामाया स्वयं सहायता समूह के नाम से किया जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान नियमित रूप से नहीं खुलती और महीने के अंतिम दिनों में राशन वितरण किया जाता है। इससे कई हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न नहीं मिल पाता। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने दुकान के सामने प्रदर्शन कर ताला लगा दिया।
इसके बाद ग्रामीण पिकअप सहित अन्य वाहनों से लखनपुर तहसील कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार अमन चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंपा। तहसीलदार ने मामले को संज्ञान में लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व से चर्चा करने की बात कही। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई और राशन वितरण नियमित नहीं किया गया, तो वे कलेक्टर के समक्ष शिकायत करेंगे।
दुकान से अलग राशन तौलता दिखा युवक, कैमरा देखते ही भागा
विरोध प्रदर्शन के दौरान एक और घटनाक्रम सामने आया। ग्रामीणों के प्रदर्शन के बीच एक युवक पीओएस मशीन लेकर राशन दुकान से अलग स्थान पर खाद्यान्न तौलता दिखाई दिया। बताया गया कि उससे इस संबंध में जानकारी लेने की कोशिश की गई, लेकिन कैमरा देखते ही वह बिना कुछ बताए वहां से चला गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने राशन वितरण की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए।
मामले में खाद्य निरीक्षक सतपाल सिंह से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाने के कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। फिलहाल ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई करने और सभी पात्र हितग्राहियों को नियमित राशन उपलब्ध कराने की मांग की है।

