Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। जिले के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (PG कॉलेज) के विधि संकाय में पदस्थ छह शिक्षकों का एक साथ नवीन महाविद्यालय कुरूद में स्थानांतरण कर दिया गया है। स्थानांतरण आदेश सामने आने के बाद LLB के छात्र-छात्राओं में नाराजगी है। विद्यार्थियों को आशंका है कि सभी शिक्षकों के एक साथ चले जाने से उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी। इसी को लेकर छात्र-छात्राएं नगर निगम पहुंचे और महापौर रामू रोहरा को ज्ञापन सौंपकर स्थानांतरण आदेश पर रोक लगाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, जिला कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश के तहत PG कॉलेज के विधि संकाय में पढ़ाने वाले छह शिक्षकों को कुरूद के नवीन महाविद्यालय में पदस्थ किया गया है। इस फैसले से विधि संकाय के विद्यार्थियों की चिंता बढ़ गई है।
छात्र-छात्राओं का कहना है कि कॉलेज में यही छह शिक्षक नियमित रूप से कक्षाएं लेते हैं। ऐसे में सभी शिक्षकों का एक साथ स्थानांतरण होने से उनकी पढ़ाई अधूरी रह सकती है। विद्यार्थियों को आने वाली परीक्षाओं की तैयारी प्रभावित होने का भी डर है। इसी समस्या को लेकर बड़ी संख्या में LLB के छात्र-छात्राओं ने महापौर से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा।
विद्यार्थियों ने मांग की है कि शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही कुरूद के नवीन महाविद्यालय के लिए अलग से नए शिक्षकों की नियुक्ति की जाए, ताकि धमतरी के PG कॉलेज में विधि की पढ़ाई प्रभावित न हो।
वहीं, महापौर रामू रोहरा ने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया है कि वे इस मामले में धमतरी कलेक्टर से चर्चा करेंगे और समस्या का समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।

