मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी: छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी जिले के SP वाईपी सिंह और उनके बेटे का दशहरे के दौरान शस्त्र पूजा में हर्ष फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर राज्य सरकार से सवाल किए हैं। वहीं, कांग्रेस विधायक इंद्रशाह मंडावी ने मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, डीजीपी और रेंज आईजी को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि, कानून के रखवाले ही जब कानून की धज्जियां उड़ाएंगे तो जनता की रक्षा कौन करेगा? उन्होंने सवाल उठाया कि SP के बेटे को फायरिंग करने का अधिकार किस आधार पर दिया गया और अब तक आर्म्स एक्ट के तहत क्या कार्रवाई की गई है। बघेल ने कहा कि इस मामले की जांच होनी चाहिए और यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि फायरिंग के दौरान नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
कांग्रेस विधायक इंद्रशाह मंडावी ने की कार्रवाई की मांग
मोहला-मानपुर के कांग्रेस विधायक इंद्रशाह मंडावी ने भी मामले को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, डीजीपी और रेंज आईजी को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने सवाल किया कि जब आम लोगों के लिए हथियारों का गलत इस्तेमाल अपराध है, तो पुलिस अधिकारियों के परिवार के लिए अलग नियम क्यों होने चाहिए? उन्होंने कहा कि कानून लागू कराने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों पर है, अगर उन्हीं के परिवार के लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे तो इससे आम जनता के बीच गलत संदेश जाएगा।
आईजी ने बताया- वीडियो पुराना है
वहीं, राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव का कहना है कि वायरल हो रहा वीडियो हाल का नहीं, बल्कि पुराना है। उनके मुताबिक, दशहरे पर पुलिस विभाग में शस्त्र पूजा के दौरान हर्ष फायरिंग की परंपरा रही है। हालांकि, वीडियो किस तारीख का है और इस मामले में क्या कार्रवाई हुई है, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
राजनांदगांव SP का AK-47 से फायरिंग का वीडियो भी हुआ था वायरल
इससे पहले दशहरे पर शस्त्र पूजा के दौरान राजनांदगांव की SP अंकिता शर्मा का AK-47 से फायरिंग करने का वीडियो भी वायरल हुआ था। सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर नकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आने के बाद PHQ ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा था।
वहीं, भारतीय सेना के पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने भी इस फायरिंग को लेकर 8 प्वाइंट में गलतियां बताई थीं। अब मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी के SP और उनके बेटे का वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर शस्त्र पूजा के दौरान हर्ष फायरिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

