Mungeli Latest News: हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों में डर, प्रभावित परिवार ने मुआवजे की मांग की; वन विभाग ने शुरू किया नुकसान का आकलन

Mungeli Latest News: हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों में डर, प्रभावित परिवार ने मुआवजे की मांग की; वन विभाग ने शुरू किया नुकसान का आकलन

Chhattisgarh Mungeli News: मुंगेली। जिले के लोरमी वनांचल क्षेत्र के ग्राम जमुनाही में शनिवार तड़के करीब 3 बजे हाथियों के एक झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के अचानक गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इस दौरान नीलकंठ यादव के मकान को भारी नुकसान पहुंचा और खूंटे से बंधे मवेशियों की कुचलने से मौत हो गई। समय रहते घर से निकलकर सुरक्षित स्थान की ओर भागने के कारण नीलकंठ और उनके परिवार की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, नीलकंठ यादव को तड़के हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने टॉर्च की रोशनी में देखा तो हाथियों का झुंड उनके घर की ओर बढ़ रहा था। खतरे को भांपते हुए उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों को जगाया और तत्काल घर छोड़कर बस्ती की सुरक्षित जगह की ओर चले गए। हालांकि, हाथियों के उत्पात से उनका मकान क्षतिग्रस्त हो गया और घर के पास बंधे मवेशियों की जान नहीं बच सकी।

बताया जा रहा है कि हाथियों के झुंड ने आसपास के अन्य ग्रामीणों के मकानों को भी नुकसान पहुंचाया है। घटना के बाद जमुनाही और आसपास के वनांचल क्षेत्रों में भय का माहौल है। ग्रामीण हाथियों की आवाजाही को लेकर चिंतित हैं।

सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर रखने के साथ नुकसान का आकलन शुरू किया। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को जल्द मुआवजा देने और हाथियों के झुंड को आबादी वाले क्षेत्र से दूर रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। फिलहाल, वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।


Related Articles