Chhattisgarh Bastar News: बस्तर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर दौरे के बीच राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम ने बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में आम लोगों की भागीदारी और उनकी समस्याओं को सुने जाने को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पहले मुरिया दरबार में प्रशासनिक दबाव कम रहता था, जिससे लोग बेझिझक अपनी समस्याएं रखने पहुंचते थे। अब प्रशासनिक दबाव के कारण हर व्यक्ति अपनी बात नहीं रख पाता। उन्होंने जोर दिया कि मुरिया दरबार में सभी लोगों की समस्याएं सुनी जानी चाहिए।
फूलो देवी नेताम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर आगमन का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र के आदिवासियों को उनसे काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने आशा जताई कि राष्ट्रपति आदिवासी समुदाय की मांगों पर ध्यान देंगी और उनके समाधान की दिशा में पहल होगी। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि मुरिया दरबार में रखी जाने वाली मांगों को गंभीरता से सुना जाएगा।
सांसद ने बस्तर में बाढ़ से हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने प्रभावित लोगों को जल्द राहत उपलब्ध कराने और क्षेत्र में हालात सुधारने की जरूरत बताई। उनके मुताबिक, आपदा से प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचना जरूरी है।
स्वास्थ्य सुविधाओं और मच्छरदानी टेंडर को लेकर भी फूलो देवी नेताम ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मच्छरदानी की टेंडर प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए और क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने बस्तर में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय लोगों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

