Chhattisgarh Rajnandgaon News: राजनांदगांव। दशहरे पर शस्त्र पूजा के दौरान राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक (SP) अंकिता शर्मा द्वारा AK-47 से फायरिंग करने का मामला अब पुलिस मुख्यालय (PHQ) तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और हथियार चलाने के तरीके को लेकर सवाल उठने के बाद पुलिस मुख्यालय ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। राजनांदगांव रेंज के IG अजय यादव ने कहा है कि जवाब मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, दशहरे के दिन राजनांदगांव पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजा के दौरान SP अंकिता शर्मा ने साड़ी पहनकर AK-47 से फायरिंग की थी। वीडियो में उन्हें करीब 8 से 9 राउंड गोलियां चलाते देखा गया। वीडियो सामने आने के बाद हथियार संभालने के तरीके और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई।
भारतीय सेना के पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने भी इस घटना पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर फायरिंग के दौरान हथियार संभालने के तरीके और सुरक्षा नियमों के पालन में कथित खामियों की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने आठ बिंदुओं में अपनी आपत्तियां रखते हुए कहा कि कारतूस से भरे हथियार का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
दशहरे के अवसर पर शस्त्र पूजा के बाद अन्य जिलों से भी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा फायरिंग किए जाने के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। इनमें रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, दुर्ग एसपी विजय अग्रवाल, बलौदाबाजार एसपी गौरव राय और सुकमा एसपी मयंक गुर्जर सहित अन्य अधिकारियों के वीडियो भी चर्चा में रहे। राजनांदगांव के मामले में अब पुलिस मुख्यालय के स्पष्टीकरण मांगने के बाद आगे की कार्रवाई संबंधित जवाब और जांच के आधार पर तय होगी।

