Bilaspur News: अटल आवास में आग से मची चीख-पुकार, दमकल ने देर रात पाया काबू; शॉर्ट सर्किट की आशंका

Bilaspur News: अटल आवास में आग से मची चीख-पुकार, दमकल ने देर रात पाया काबू; शॉर्ट सर्किट की आशंका

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में मुक्तिधाम के पास स्थित अटल आवास के ग्राउंड फ्लोर में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। आग और धुएं के कारण आवास में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग मौजूद थे। दहशत में कुछ महिलाओं और बच्चों ने जान बचाने के लिए पहली और दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है, जबकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी की मौत की खबर नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, सरकंडा थाना क्षेत्र के मुक्तिधाम के पास बने अटल आवास के ग्राउंड फ्लोर में आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आवास के बाहर खड़ी करीब छह बाइक इसकी चपेट में आकर जल गईं। आग से उठते धुएं और लपटों को देखकर रहवासियों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने अपने परिवार के साथ बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में धुआं और आग फैलने के कारण कुछ लोग भीतर ही फंस गए।

स्थिति गंभीर होने पर आसपास के लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। फंसे हुए महिलाओं और बच्चों को रस्सी तथा कपड़ों के सहारे छत से नीचे उतारा गया। इस दौरान करीब 75 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की जानकारी सामने आई है। आग से बचने के लिए कुछ लोगों के ऊंचाई से छलांग लगाने की भी सूचना है। घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की बात कही जा रही है।

आग लगने की सूचना मिलने पर सरकंडा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने देर रात तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। घटना के दौरान इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई थी। राहत और बचाव कार्य के दौरान आवास में फंसे लोगों को बाहर निकालने पर ध्यान दिया गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। सरकंडा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग से हुए कुल नुकसान और घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।


Related Articles