Chhattisgarh Latest News: निवेश, उद्योग और रोजगार से मजबूत होगी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था, CM साय ने साझा किया विकसित भारत का संकल्प

Chhattisgarh Latest News: निवेश, उद्योग और रोजगार से मजबूत होगी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था, CM साय ने साझा किया विकसित भारत का संकल्प

Chhattisgarh Latest News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की ओर से भारत की आर्थिक विकास दर को लेकर जारी अनुमान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भी आर्थिक प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भारत की आर्थिक उपलब्धियों को देश की मजबूत अर्थव्यवस्था और प्रभावी आर्थिक नीतियों का प्रमाण बताया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आईएमएफ ने वर्ष 2026 और 2027 में भारत की आर्थिक विकास दर 7 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है, जबकि वर्ष 2026 में वैश्विक विकास दर 3.1 प्रतिशत रहने का अनुमान है। उनके मुताबिक, यह अंतर भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूती और वैश्विक चुनौतियों का सामना करने की क्षमता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में किए गए आर्थिक सुधारों, अधोसंरचना में निवेश, डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार, विनिर्माण को प्रोत्साहन और उद्यमिता के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने जैसे प्रयासों से देश की विकास यात्रा को गति मिली है। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में अपनी स्थिति मजबूत करने के साथ विश्व की आर्थिक वृद्धि में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

सीएम साय के अनुसार, देश की तेज आर्थिक प्रगति ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण का प्रयास लगातार आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ‘विकसित भारत–विकसित छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य के अनुरूप निवेश, उद्योग, अधोसंरचना, रोजगार और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में निरंतर प्रयासों के जरिए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और विकास की गति बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।


Related Articles