Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत कृषि विकास और किसान कल्याण के क्षेत्र में किए गए प्रयासों के लिए छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से जिले को ‘Certificate of Excellence’ प्रदान किया गया। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन, कृषि विभाग और किसानों को बधाई दी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि दंतेवाड़ा को मिला यह सम्मान पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के मार्गदर्शन में प्रशासनिक टीम, कृषि विभाग और किसानों ने कृषि विकास, फसल विविधीकरण और आजीविका संवर्धन के लिए प्रयास किए हैं। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार किसानों को सशक्त बनाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के मार्गदर्शन में जिले में कृषि विकास और किसान कल्याण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस सम्मान को कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन, किसानों की प्रगति और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए किए गए सामूहिक प्रयासों की पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का उद्देश्य कृषि उत्पादकता बढ़ाना, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करना, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करना और किसानों को बेहतर कृषि संसाधन उपलब्ध कराना है। योजना के तहत देश के 100 ऐसे कृषि जिलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जहां कृषि उत्पादकता, फसल सघनता और किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऋण उपलब्धता जैसी चुनौतियां मौजूद हैं।
योजना के अंतर्गत सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, पंचायत और ब्लॉक स्तर पर भंडारण क्षमता बढ़ाना, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देना तथा किसानों को आसान और किफायती ऋण उपलब्ध कराने जैसे उद्देश्यों पर काम किया जाता है। जनजातीय बहुल दंतेवाड़ा जिले के लिए यह सम्मान विशेष महत्व रखता है, क्योंकि कृषि और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के प्रयास स्थानीय किसानों के लिए नए अवसर तैयार करने में सहायक हो सकते हैं।

