Bilaspur News: पूर्व प्राचार्य सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी के पैसों से खरीदी कार की किश्त भरने का भी खुलासा

Bilaspur News: पूर्व प्राचार्य सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी के पैसों से खरीदी कार की किश्त भरने का भी खुलासा

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। कोरबा से बाइक पर आकर बिलासपुर जिले के कोटा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सूने मकानों को निशाना बनाने वाले कथित चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसीसीयू और कोटा पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पाली क्षेत्र में एक और कोटा सहित अन्य ग्रामीण इलाकों में नौ मकानों में चोरी करना स्वीकार किया है। उनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, नकदी, दो बाइक और चोरी की रकम से खरीदी गई क्रेटा कार जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक, पिछले कुछ समय से कोटा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दिनदहाड़े सूने मकानों से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन मामलों की जांच के लिए पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस कोरबा जिले तक पहुंची, जहां से तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कुल 10 मकानों में चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर करीब छह लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, एक लाख 30 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई एक बुलेट और एक अन्य बाइक के साथ क्रेटा कार जब्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुमार वासुदेव, भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी और राज प्रजापति के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों कोरबा के मानिकपुर क्षेत्र के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि भूपेंद्र राठौर पूर्व में एक स्कूल में प्राचार्य रह चुका है।

पुलिस के मुताबिक, मामले का कथित मास्टरमाइंड विनोद वासुदेव चोरी की रकम से क्रेटा कार खरीद चुका था और उसकी किश्तें चुकाने के लिए भी चोरी की रकम का इस्तेमाल कर रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


Related Articles