Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सोनपुर नर्सरी के पास कोल्हूआ नाले में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान सोनपुर निवासी नाहर सिंह के रूप में की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला बसदेई चौकी क्षेत्र का है। लोगों ने सुबह सोनपुर नर्सरी के पास कोल्हूआ नाले में शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बताया जा रहा है कि मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। इसके चलते युवक की मौत को संदिग्ध माना जा रहा है और हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है और हत्या की पुष्टि भी नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है।

