Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के एक होटल में युवती की मौत के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शादी से इनकार करने, मारपीट और मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना देने के साथ युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मृतका की पहचान कवर्धा जिले की रहने वाली 22 वर्षीय पिंकी मानिकपुरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पिंकी और धमतरी के गोकुलपुर वार्ड क्रमांक 36 निवासी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। आरोप है कि आरोपी ने युवती से शादी करने का वादा किया था, लेकिन उसके अन्य लड़कियों से भी संबंध होने की जानकारी मिलने के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
जानकारी के मुताबिक, पिंकी 24 सितंबर को कवर्धा से धमतरी आई थी और शहर के होटल CG-05 के कमरा नंबर 106 में ठहरी थी। पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर की शाम टिकेश्वर उससे मिलने होटल पहुंचा। वहां दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत हुई। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया और दोनों के बीच गाली-गलौज तथा हाथापाई हुई।
पुलिस की जांच में युवती को पहले भी मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के आरोप सामने आए हैं। घटना के दिन 25 सितंबर को पिंकी ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया। पुलिस ने 9 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।

