Raipur News : कोलंबो में रोटरी क्लबों के बीच ध्वज आदान-प्रदान, भविष्य की संयुक्त परियोजनाओं और सहयोग पर जोर

Raipur News : कोलंबो में रोटरी क्लबों के बीच ध्वज आदान-प्रदान, भविष्य की संयुक्त परियोजनाओं और सहयोग पर जोर

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। रोटरी इंटरनेशनल की ‘Service Above Self’ और अंतर्राष्ट्रीय बंधुत्व की भावना को मजबूत करते हुए रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो डिवाज की 18 सदस्यीय टीम ने श्रीलंका के कोलंबो का दौरा किया। इस दौरान कोलंबो में फ्लैग एक्सचेंज सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसमें रोटरी क्लब ऑफ मिडटाउन कोलंबो और रोटरी क्लब ऑफ नोवा सीलोन के सदस्यों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर रायपुर कॉस्मो डिवाज की टीम ने रोटरी क्लब ऑफ मिडटाउन कोलंबो के प्रेसिडेंट रोटेरियन थुरैब हिल्मी, पास्ट प्रेसिडेंट एवं इंटरनेशनल चेयर रोटेरियन अशरफ अली, रोटरी क्लब ऑफ नोवा सीलोन की क्लब सेक्रेटरी रोटेरियन दिनुकी परेरा, असिस्टेंट सेक्रेटरी रोटेरियन सविता कृष्णकुमार और मेंबरशिप चेयर रोटेरियन सेसांदी राजपक्षे से मुलाकात की।

समारोह में ध्वज का आदान-प्रदान दोनों देशों के रोटेरियंस के बीच दोस्ती, साझा मूल्यों और सामाजिक सेवा के संकल्प का प्रतीक बना। इस दौरान रायपुर कॉस्मो डिवाज की सदस्यों ने क्लब की ओर से संचालित विभिन्न जनहितकारी और सामाजिक परियोजनाओं की जानकारी साझा की। वहीं, श्रीलंका के रोटरी क्लबों की गतिविधियों और सामाजिक पहलों के बारे में भी जानकारी ली।

बैठक के दौरान रोटरी परियोजनाओं के अलावा भारत और श्रीलंका की साझा संस्कृति, परंपराओं और अनुभवों को लेकर भी आत्मीय चर्चा हुई। रायपुर कॉस्मो डिवाज की सदस्यों ने श्रीलंकाई रोटेरियंस को भारत आने और छत्तीसगढ़ी आतिथ्य का अनुभव लेने का निमंत्रण दिया। दोनों पक्षों ने भविष्य में संयुक्त परियोजनाओं और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

रायपुर कॉस्मो डिवाज की सदस्यों ने कोलंबो यात्रा और फ्लैग एक्सचेंज समारोह को यादगार और प्रेरणादायक अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतर्राष्ट्रीय संवाद रोटरी के माध्यम से विभिन्न देशों के लोगों को जोड़ने और सामाजिक सेवा के प्रयासों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


Related Articles