Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के पास सारागांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कोल्हान नाले के तेज बहाव में 70 यात्रियों से भरी जय अंबे बस फंस गई। बस रायपुर से बलौदाबाजार जा रही थी। पानी के तेज बहाव को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात था और वाहनों को आगे जाने से रोका जा रहा था, लेकिन आरोप है कि बस चालक ने चेतावनी के बावजूद बस को आगे बढ़ा दिया।
जानकारी के मुताबिक विधानसभा थाना क्षेत्र के कोल्हान नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। बस में सवार यात्रियों ने भी चालक को आगे जाने से मना किया, लेकिन बस आगे बढ़ती रही। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रकों को रास्ता देने के लिए चालक को बस साइड करनी पड़ी और बस तेज बहाव वाले पानी में फंस गई। इसके बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ यात्रियों ने घबराकर खिड़की से बाहर निकलने की कोशिश शुरू कर दी।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस और ग्रामीण बस के पास पहुंचे और दाईं ओर की खिड़कियों के रास्ते यात्रियों को एक-एक कर बाहर निकालना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बस में सवार सभी 70 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाद में बस को भी पानी के बहाव से बाहर निकाल लिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है कि मौके पर चेतावनी और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद उसने बस को आगे क्यों बढ़ाया। इसके साथ ही बस का परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की गई है।
सीएसपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि शनिवार को कोल्हान नाले में पानी का बहाव बढ़ा हुआ था। मौके पर तैनात पुलिस टीम वाहनों को आगे जाने से रोक रही थी। इसके बावजूद यात्री बस आगे बढ़ गई और ट्रकों को साइड देने के दौरान तेज बहाव में फंस गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए यात्रियों को बस की खिड़कियों के रास्ते बाहर निकाला। सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है और बस को भी बाहर निकाल लिया गया है। चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

