Kawardha News : चंडालपुर को मिली नई पहचान, चंदनपुर नाम के साथ विकास कार्यों के लिए 11.70 लाख रुपए की घोषणा

Kawardha News : चंडालपुर को मिली नई पहचान, चंदनपुर नाम के साथ विकास कार्यों के लिए 11.70 लाख रुपए की घोषणा

Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। तेज बारिश के बीच शुक्रवार देर रात डिप्टी CM विजय शर्मा ग्राम चंदनपुर पहुंचे और गांव के नए नाम से संबंधित राजपत्र की प्रति ग्रामीणों को सौंपी। लंबे समय से नाम परिवर्तन की मांग कर रहे ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उन्होंने इस उपलब्धि पर बधाई दी। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वागत के लिए मौजूद रहे और मांग पूरी होने की खुशी में एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। कबीरधाम जिले के ग्राम चंडालपुर का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर चंदनपुर कर दिया गया है।

डिप्टी CM विजय शर्मा ने गांव के विकास कार्यों के लिए सीसी रोड और सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 11.70 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा, जिसमें आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में गांव का नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी, ताकि ग्रामीणों को इसके लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

छत्तीसगढ़ शासन ने ग्राम चंदनपुर के नाम परिवर्तन का राजपत्र में विधिवत प्रकाशन कर दिया है। इसके बाद गांव का नया नाम सरकारी अभिलेखों और शासकीय वेब पोर्टल में दर्ज रहेगा। डिप्टी CM ने बताया कि ग्रामवासियों की ओर से लंबे समय से नाम बदलने की मांग की जा रही थी। स्थानीय लोगों की भावना और मांग को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया, जिसके बाद मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा, राज्यपाल की स्वीकृति और राजपत्र प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी हुई।

डिप्टी CM विजय शर्मा ने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे दैनिक व्यवहार और बोलचाल में भी गांव के नए नाम ‘चंदनपुर’ का उपयोग करें, ताकि आने वाली पीढ़ियां इसी नाम से गांव को जानें और इसकी पहचान आगे भी कायम रहे।

उन्होंने कहा कि गांवों के नाम केवल स्थान की पहचान नहीं होते, बल्कि उनमें स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और जनभावनाएं भी जुड़ी होती हैं। चंदनपुर नाम से गांव को नई पहचान मिलना ग्रामवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और भावना के सम्मान का प्रतीक है।


Related Articles