CG Dureg News: पाटन। पाटन अंचल में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। बस्तर संभाग में भारी बारिश के कारण कई बांधों के गेट खोले जाने के बाद निचले इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। बारिश और संभावित बाढ़ के हालात को देखते हुए पाटन में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
एसडीएम ने नदी किनारे गांवों का लिया जायजा
एसडीएम उत्तम ध्रुव ने नदी किनारे बसे गांवों का दौरा कर जलस्तर और हालात का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की। प्रशासन की ओर से लोगों को लगातार सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
भोथली में SDRF की टीम मैदान में
बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए SDRF की टीम को सक्रिय कर दिया गया है। भोथली क्षेत्र में SDRF के जवान बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। प्रशासन की नजर लगातार नदी के जलस्तर और निचले इलाकों की स्थिति पर बनी हुई है।
मेडिकल टीम और एंबुलेंस भी तैयार
लगातार बारिश के बीच किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। डॉक्टरों के साथ मेडिकल टीम और एंबुलेंस समेत स्वास्थ्य अमला अलर्ट पर है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है।
प्रशासन ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने ग्रामीणों से नदी, नाले और जलभराव वाले स्थानों के पास जाने से बचने की अपील की है। साथ ही लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है।

