Raipur News: मेकाहारा अस्पताल में कथित चिकित्सकीय लापरवाही पर साहू समाज युवा प्रकोष्ठ ने जताई कड़ी आपत्ति, 2 दिन में जांच का आश्वासन

Raipur News: मेकाहारा अस्पताल में कथित चिकित्सकीय लापरवाही पर साहू समाज युवा प्रकोष्ठ ने जताई कड़ी आपत्ति, 2 दिन में जांच का आश्वासन

CG Raipur News: रायपुर: मेकाहारा अस्पताल में रोहिणी साहू के उपचार के दौरान हुई कथित गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही के मामले को लेकर साहू समाज युवा प्रकोष्ठ ने कड़ी आपत्ति जताई है। मामले को लेकर युवा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधिमंडल ने मेकाहारा अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर से मुलाकात की और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

उपचार में लापरवाही का आरोप, जांच की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल अधीक्षक के सामने आरोप रखा कि उपचार के दौरान हुई कथित लापरवाही के चलते मरीज की स्थिति गंभीर हुई। इसके कारण पीड़ित परिवार को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

युवा प्रकोष्ठ ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, जांच में दोषी पाए जाने वाले चिकित्सक या कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को उपचार में हुए और आगे होने वाले आवश्यक चिकित्सा खर्च के संबंध में उचित राहत दिलाने की मांग की।

अधीक्षक ने 2 दिन में जांच का दिया आश्वासन

मेकाहारा अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने दो दिवस के भीतर जांच पूरी कर प्रतिनिधिमंडल को इसकी जानकारी देने की बात कही।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

साहू समाज युवा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समयावधि में मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती और पीड़ित परिवार को उचित राहत नहीं मिलती है, तो अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन सहित लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। प्रतिनिधियों ने कहा कि आगे की कार्रवाई के लिए अस्पताल प्रबंधन और संबंधित विभाग जिम्मेदार होंगे।

ये प्रतिनिधि रहे मौजूद

इस दौरान प्रदेश युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष शशिकांत साहू, प्रदेश महामंत्री रोबिन साहू, रायपुर संभाग युवा अध्यक्ष मनीष साहू, रायपुर जिला युवा अध्यक्ष मुकेश साहू, मोंटी साहू, लोकेश साहू, नोमस साहू सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।


Related Articles