Chhattisgarh Bijapur News: बीजापुर। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को भैरमगढ़ क्षेत्र के उतला जंगल में बड़ी सफलता मिली है। सर्चिंग के दौरान जवानों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सलियों का हथियार डंप बरामद किया है। डंप से एक AK-47 रायफल, .315 बोर रायफल, सिंगल शॉट रायफल, 9 एमएम पिस्टल, दो AK-47 मैगजीन और अलग-अलग हथियारों के कुल 76 जिंदा राउंड बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल) अमन झा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। सूचना के आधार पर भैरमगढ़ थाना पुलिस और डीआरजी की टीम को उतला गांव के जंगल में सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था। सर्चिंग के दौरान जमीन के नीचे संदिग्ध स्थान मिलने पर जवानों ने तलाशी ली, जहां नक्सलियों द्वारा गाड़कर रखा गया हथियारों का डंप बरामद हुआ।
बरामद सामग्री में एक AK-47 रायफल, एक .315 बोर रायफल, एक सिंगल शॉट रायफल और एक 9 एमएम पिस्टल शामिल है। इसके अलावा दो AK-47 मैगजीन, AK-47 के 45 जिंदा राउंड, 9 एमएम के 25 जिंदा राउंड और .315 बोर रायफल के छह जिंदा राउंड मिले हैं। सभी हथियार और अन्य सामग्री को भैरमगढ़ थाना लाकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पित नक्सलियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और उनसे नक्सली संगठन की गतिविधियों तथा पूर्व में संगठन से जुड़ी घटनाओं को लेकर पूछताछ की जा रही है। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर उतला जंगल में सर्चिंग अभियान चलाया गया, जिसमें जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सली डंप बरामद करने में सफलता मिली।

