Chhattisgarh Bhilai News: भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) टाउनशिप में कुल 33,327 आवास हैं, लेकिन इनमें से कितने आवासों में अधिकारी और कर्मचारी निवासरत हैं, इसकी जानकारी नगर सेवाएं विभाग के पास उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा अधिकारी-कर्मचारी वर्ग के रहने योग्य कितने आवास खाली हैं, इसका रिकॉर्ड भी विभाग ने उपलब्ध नहीं होने की बात कही है। यह जानकारी सूचना के अधिकार (RTI) के तहत पूछे गए सवालों के जवाब में सामने आई है।
सेक्टर-10 की पूर्व पार्षद उपासना साहू ने नगर सेवाएं विभाग में RTI के तहत आवेदन देकर बीएसपी टाउनशिप के आवासों से जुड़ी तीन जानकारियां मांगी थीं। उन्होंने पूछा था कि भिलाई इस्पात संयंत्र की टाउनशिप में कुल कितने आवास हैं, इनमें कितने आवासों में अधिकारी और कर्मचारी निवासरत हैं तथा अधिकारी-कर्मचारी वर्ग के रहने योग्य कितने आवास रिक्त हैं।
RTI के जवाब में नगर सेवाएं विभाग ने बताया कि बीएसपी टाउनशिप में कुल आवासों की संख्या 33,327 है। वहीं अधिकारी और कर्मचारियों के निवासरत होने से संबंधित जानकारी उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई। इसके साथ ही अधिकारी-कर्मचारी वर्ग के रहने योग्य रिक्त आवासों की जानकारी भी विभाग ने उपलब्ध नहीं होने का जवाब दिया।
RTI के जवाब को लेकर अब बीएसपी के आवास आवंटन और रिकॉर्ड व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पूर्व पार्षद उपासना साहू का कहना है कि यदि कंपनी के पास हजारों आवासों की व्यवस्था है तो यह जानकारी भी उपलब्ध होनी चाहिए कि कितने आवास आवंटित हैं और उनमें से कितने अधिकारियों तथा कितने कर्मचारियों के पास हैं। उन्होंने विभाग के जवाब को लेकर सवाल उठाए हैं।
आवासों से संबंधित यह मामला सामने आने के बाद बीएसपी टाउनशिप में आवासों के रिकॉर्ड और आवंटन व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। RTI में विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार फिलहाल 33,327 कुल आवासों की संख्या का रिकॉर्ड उपलब्ध है, लेकिन इनमें अधिकारी-कर्मचारियों के निवास और रहने योग्य रिक्त आवासों का आंकड़ा विभाग के पास उपलब्ध नहीं बताया गया है।

