Chhattisgarh Balod News: बालोद। शासकीय महाविद्यालय डौंडीलोहारा में मूलभूत समस्याओं को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश सामने आया है। समस्याओं का निराकरण नहीं होने से नाराज बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने बुधवार को दल्लीराजहरा-राजनांदगांव मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राएं कॉलेज की प्राचार्य रोशन आरा को हटाने की मांग कर रहे हैं।
विद्यार्थियों ने पहले कॉलेज के सामने दल्लीराजहरा-राजनांदगांव मार्ग पर करीब 10 मिनट तक चक्काजाम किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यार्थियों को सड़क से हटाया। इसके बाद छात्र-छात्राएं कॉलेज के सामने ही धरने पर बैठ गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। लगातार प्रदर्शन को देखते हुए कॉलेज परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का आरोप है कि कॉलेज में व्याप्त मूलभूत समस्याओं को लेकर जब वे प्राचार्य को जानकारी देते हैं और समाधान की मांग करते हैं तो उन्हें टीसी काटने की धमकी दी जाती है। छात्रों का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन और कलेक्टर से भी शिकायत की थी, लेकिन अब तक अपेक्षित निराकरण नहीं हो सका है।
मौके पर पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद हैं और प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों से बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया जा रहा है। छात्र-छात्राओं का कहना है कि जब तक उनकी मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं होता और प्राचार्य को हटाने की मांग पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
छात्र-छात्राओं के आंदोलन को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यानी एबीवीपी का भी समर्थन मिला है। संगठन के कार्यकर्ता विद्यार्थियों के साथ धरने में शामिल हुए और उनकी मांगों के निराकरण की मांग की। फिलहाल कॉलेज के सामने विद्यार्थियों का धरना जारी है और प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

