Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। नशे के खिलाफ डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने देशभर में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़, बिहार, पंजाब, तेलंगाना और कर्नाटक समेत कई राज्यों में चलाए गए ऑपरेशन के दौरान कुल 709.6 किलोग्राम गांजा, 24.6 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक गांजा और 5 किलोग्राम चरस जब्त की गई है। इन कार्रवाइयों में NDPS अधिनियम, 1985 के तहत 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं पटना में कार्रवाई के दौरान DRI का एक अधिकारी घायल हुआ।
रायपुर में DRI ने 8 सितंबर 2026 को बड़ी कार्रवाई करते हुए पुराने धमतरी रोड के पास विशाखापट्टनम से आ रहे दो ट्रकों को रोककर तलाशी ली। ट्रकों के लोडिंग क्षेत्र में रखी 10 बोरियों के भीतर छिपाए गए 61 पैकेट बरामद हुए। जांच में पैकेटों में गांजा होने की पुष्टि हुई। दोनों ट्रकों से कुल 375.95 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया और मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले 26 अगस्त 2026 को भी DRI ने रायपुर के पास एक ट्रक को रोककर उसमें छिपाकर रखा गया करीब 124 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था।
बिहार के पटना में 5 और 6 सितंबर को खुफिया सूचना के आधार पर DRI अधिकारियों ने एक ट्रक का पीछा कर उसे औरंगाबाद-पटना हाईवे पर रोका। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों पर हमला किया गया, जिसमें एक अधिकारी घायल हो गया। इस दौरान ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक की तलाशी लेने पर ड्राइवर के केबिन के पीछे एक गुप्त केबिन मिला, जिसमें छिपाकर रखे 90 पैकेटों से 140.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। ट्रक समेत गांजा जब्त कर लिया गया है।
पंजाब के लुधियाना में 1 और 2 सितंबर को DRI ने एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। कार के फर्श में विशेष रूप से बनाई गई कैविटी में 67 पैकेटों में 69 किलोग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था। DRI ने वाहन और मादक पदार्थ जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर 3 सितंबर को DRI ने अमरनाथ एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में यात्रा कर रहे तीन लोगों को पकड़ा। तलाशी के दौरान करीब 5 किलोग्राम चरस बरामद हुई। DRI के मुताबिक, दो यात्रियों ने चरस को जांघों पर घुटने के कवर की तरह बांधकर और साड़ियों के भीतर छिपाकर रखा था। जांच में सामने आया कि चरस को नेपाल से तस्करी कर भारत लाया गया था। मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
हैदराबाद और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर भी DRI ने पिछले 15 दिनों में तीन अलग-अलग अभियानों में कार्रवाई की। हनोई और बैंकॉक से पहुंचे तीन यात्रियों के पास से कुल 24.6 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया। तीनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया। DRI ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई मार्ग से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

