Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान को गति देने के लिए सांसद एवं राष्ट्रीय संकुल संयोजक वीडी शर्मा छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। उनकी मौजूदगी में राजधानी रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में अहम बैठक जारी है। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी शामिल हैं। इस दौरान सेवा संकल्प अभियान की आगामी रूपरेखा, कार्यक्रमों और संगठन स्तर पर तैयारियों को लेकर मंथन किया जा रहा है।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के लिए गठित 13 टोलियां भी शामिल हैं। इस दौरान अभियान के तहत अब तक किए गए कार्यों और गतिविधियों की समीक्षा की जा रही है। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठन स्तर पर जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा हो रही है। बताया जा रहा है कि बैठक में अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का विशेष ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। पार्टी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस अभियान का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक जीवन की सेवा यात्रा की शुरुआत 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में हुई थी। अभियान के माध्यम से उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा, विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों को जनता तक पहुंचाने की योजना है।
सेवा संकल्प अभियान को लेकर मंगलवार से दो दिवसीय बैठकों की शुरुआत हुई थी। पहले दिन प्रदेश में गठित अभियान की टोलियों के साथ बैठक कर अब तक की गतिविधियों और कार्यों की समीक्षा की गई थी। इसके बाद भाजपा के महापौर और सभापतियों के साथ बैठक हुई थी। जिला पंचायत और नगर पंचायत के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों से भी अभियान को लेकर फीडबैक लिया गया था।
अब दूसरे दिन वीडी शर्मा की मौजूदगी में सेवा संकल्प अभियान की 13 टोलियों के साथ आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर चर्चा की जा रही है। बैठक में अभियान को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और निर्धारित कार्यक्रमों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने पर जोर दिया जा रहा है।

