Raipur News : प्रेस क्लब में महिला पत्रकारों ने मनाया तीज उत्सव, रैंप वॉक और रिटर्न गिफ्ट्स ने बढ़ाई रौनक

Raipur News : प्रेस क्लब में महिला पत्रकारों ने मनाया तीज उत्सव, रैंप वॉक और रिटर्न गिफ्ट्स ने बढ़ाई रौनक

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित महिला पत्रकारों का तीज महोत्सव पारंपरिक उल्लास, आत्मीयता और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंगों से गुलजार रहा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने महिला पत्रकारों के साथ तीज पर्व की खुशियां बांटीं। मंत्री राजवाड़े ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में सिर पर पल्लू रखकर रैंप वॉक किया, जिसे देखकर पूरा परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा।

समारोह में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा और विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने भी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई। दोनों जनप्रतिनिधियों ने महिला पत्रकारों के साथ रैंप वॉक कर उनका उत्साहवर्धन किया और तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण पारंपरिक परिधानों में महिला पत्रकारों की रैंप वॉक प्रस्तुति रही। सादगी, सौंदर्य और आत्मविश्वास से भरपूर इस प्रस्तुति ने समारोह में खास रंग भर दिया। इसके साथ ही महिला पत्रकारों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल और प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि तीज छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। महिला पत्रकार कठिन कार्यदायित्वों के बीच समाज की आवाज को मजबूती से सामने रखती हैं। प्रेस क्लब का यह आयोजन उन्हें आपसी संवाद, आत्मीयता और उल्लास का बेहतर मंच प्रदान करता है। सांसद लक्ष्मी वर्मा और विधायक भावना बोहरा ने भी महिला पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के समापन पर सभी सहभागी महिला पत्रकारों को रिटर्न गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े सहित आयोजन में सक्रिय रहीं अमृता शर्मा, प्रियंका कौशल, मीनल शर्मा, आकांक्षा दुबे, विनीता मंडल, सोनल भारद्वाज, सुजाता साहा, अंबिका मिश्रा और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।


Related Articles