Jashpur News : आस्ता में महिला की हत्या का खुलासा, बेटी से एकतरफा प्यार करता था आरोपी

Jashpur News : आस्ता में महिला की हत्या का खुलासा, बेटी से एकतरफा प्यार करता था आरोपी

Chhattisgarh Jashpur News: जशपुर। जिले के आस्ता थाना क्षेत्र के हर्री गांव में एक महिला की टांगी से वार कर हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अवधेश राम उर्फ गुटका मृतका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था और उसे मोबाइल पर कॉल व मैसेज कर परेशान करता था। बेटी को परेशान न करने की हिदायत देने पर आरोपी का मृतका से विवाद हुआ, जिसके बाद उसने कथित तौर पर टांगी से वार कर महिला की हत्या कर दी। वारदात के बाद झारखंड फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गुमला जिले के रायडीह से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

आस्ता थाना प्रभारी अर्जुन यादव ने बताया कि 4 सितंबर को मृतका धनमनी बाई के पति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 3 सितंबर की दोपहर करीब 11:30 बजे खाना खाने के बाद वह पालतू मवेशियों को चराने जंगल की ओर चला गया था। शाम को जब वह घर लौटा तो उसकी पत्नी धनमनी घर के अंदर जमीन पर गिरी हुई थी और उसके सिर से खून निकल रहा था। पास में ही खून से सनी टांगी पड़ी थी।

सूचना मिलने पर आस्ता पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अवधेश राम उर्फ गुटका, उम्र करीब 30 वर्ष, मृतका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। आरोप है कि वह आए दिन मोबाइल पर कॉल और मैसेज कर उसे परेशान करता था। मृतका की बेटी ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी थी।

संदेह के आधार पर पुलिस टीम जब अवधेश के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कोमड़ो स्थित घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना और तकनीकी टीम की मदद से पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी झारखंड के गुमला जिले के रायडीह में अपने रिश्तेदार के घर छिपा हुआ है।

पुलिस टीम ने रायडीह पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया और उसे जशपुर लाया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह काफी समय से मृतका की बेटी से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास कर रहा था, लेकिन वह उसकी कॉल रिसीव नहीं कर रही थी। 3 सितंबर को वह उससे मिलने उसके घर पहुंचा था। उस समय धनमनी बाई घर में अकेली थी।

पुलिस के मुताबिक, अवधेश को देखकर धनमनी बाई ने उसे अपनी बेटी को परेशान नहीं करने की हिदायत दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान अवधेश ने घर में रखी टांगी से धनमनी बाई पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार होकर झारखंड चला गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।


Related Articles