Chhattisgarh Bilaspur News : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में जन्माष्टमी के अवसर पर मटकी बांधते समय एक युवक हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। हादसे में युवक बुरी तरह झुलस गया। घायल युवक को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। घायल युवक की पहचान रेहान खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रेहान राजीव गांधी चौक पर जन्माष्टमी के अवसर पर मटकी बांध रहा था। इसी दौरान वह वहां से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवक के झुलसने के बाद उसे तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस हादसे के कारणों और मौके की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

