Takhatpur Crime News: तखतपुर। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में तखतपुर पुलिस ने 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पीड़िता के नाम से फर्जी Instagram ID बनाई और उस पर पीड़िता और अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कीं। मामले की जांच के दौरान पीड़िता के बयान में आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
फर्जी Instagram ID बनाकर तस्वीरें वायरल करने का आरोप
पुलिस के अनुसार पूरा मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने अपने पति की Instagram ID चेक की, जहां उसे उसके घरेलू नाम से बनाई गई एक फर्जी Instagram ID की जानकारी मिली। आरोप है कि इस फर्जी ID का इस्तेमाल आरोपी अख्तर खान उर्फ अफ्तार खान कर रहा था। आरोपी ने कथित तौर पर इस अकाउंट से अपनी और पीड़िता की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कीं। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर मामले की शिकायत की। आवेदन की जांच के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।
बयान में दुष्कर्म का आरोप सामने आया
जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता का विधिवत बयान दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, बयान में पीड़िता ने आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। तखतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अख्तर खान उर्फ अफ्तार खान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना आगे भी जारी है और प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान, उप निरीक्षक दिलाराम मनहर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सदनवती कश्यप, महिला आरक्षक काजोल मनहर, आरक्षक राजकुमार, त्रिलोक सिंह और संतोष पोर्ते की भूमिका रही।

