Raipur News : व्यापम के बाद कर्मचारी चयन मंडल ने पहली बार जारी किया वार्षिक परीक्षा कैलेंडर, देखें पूरी सूची

Raipur News : व्यापम के बाद कर्मचारी चयन मंडल ने पहली बार जारी किया वार्षिक परीक्षा कैलेंडर, देखें पूरी सूची

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) ने वर्ष 2027 का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। कैलेंडर में विभिन्न विभागों की भर्ती परीक्षाओं के साथ प्रवेश परीक्षाओं, शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) और राज्य पात्रता परीक्षा (SET) की संभावित तिथियां भी घोषित की गई हैं। वार्षिक कैलेंडर जारी होने से अभ्यर्थियों और छात्रों को अपनी परीक्षा की तैयारी की योजना पहले से बनाने में मदद मिलेगी।

UPSC की तर्ज पर कर्मचारी चयन मंडल ने वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने की व्यवस्था शुरू की है। व्यावसायिक परीक्षा मंडल यानी व्यापम का नाम बदलकर कर्मचारी चयन मंडल किए जाने के बाद यह पहला वार्षिक परीक्षा कैलेंडर है। कैलेंडर के अनुसार मंडल भर्ती परीक्षाओं के साथ विभिन्न व्यावसायिक और शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए भी परीक्षाएं आयोजित करेगा।

वर्ष 2027 में 10 जनवरी को समूह-2 के अंतर्गत उप समूह-2 की परीक्षा होगी। इसके बाद 14 मार्च को समूह-1, 4 अप्रैल को समूह-6 के अंतर्गत उप समूह-2 और 18 अप्रैल को समूह-3 के अंतर्गत उप समूह-3 की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 2 मई को PPT और Pre B.Ed, 9 मई को PET और Pre M.Sc Nursing, 23 मई को PPHT और Pre Post Basic Nursing तथा 30 मई को Pre D.El.Ed की परीक्षा निर्धारित की गई है।

इसके अलावा 6 जून को Pre MCA और Pre B.Sc Nursing, 13 जून को PAT/PVPT, 11 जुलाई को समूह-2 के अंतर्गत उप समूह-3 और 25 जुलाई को समूह-5 की परीक्षा होगी। 29 अगस्त को समूह-6 के अंतर्गत उप समूह-1 की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

26 सितंबर को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) और 3 अक्टूबर को राज्य पात्रता परीक्षा (SET) निर्धारित है। इसके बाद 17 अक्टूबर को समूह-2 के अंतर्गत उप समूह-1, 21 नवंबर को समूह-7 और 12 दिसंबर को समूह-4 की परीक्षा होगी।

कर्मचारी चयन मंडल ने 19 सितंबर, 28 नवंबर और 19 दिसंबर 2027 को आकस्मिक परीक्षाओं के लिए आरक्षित रखा है। यदि वार्षिक कैलेंडर जारी होने के बाद किसी विभाग की ओर से परीक्षा आयोजित कराने के लिए आकस्मिक आवेदन प्राप्त होता है, तो इन आरक्षित तिथियों पर परीक्षा आयोजित की जा सकेगी।

परीक्षा की तारीखें पहले से जारी होने से भर्ती परीक्षाओं और प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी अपनी पढ़ाई की समय-सारिणी व्यवस्थित तरीके से तैयार कर सकेंगे। हालांकि, कैलेंडर में दी गई तिथियां आवश्यकता के अनुसार बदली जा सकती हैं, इसलिए अभ्यर्थियों को संबंधित परीक्षा का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने के बाद उसमें दी गई जानकारी जरूर देखनी चाहिए।

कर्मचारी चयन मंडल ने विस्तृत परीक्षा कैलेंडर अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा की तैयारी के साथ मंडल की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक नोटिफिकेशन और अपडेट पर भी नजर बनाए रखें।


Related Articles