Chhattisgarh News: सांकरा। पूर्व माध्यमिक शाला सांकरा परिसर में जोन स्तरीय ‘पठन वीर’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 8 संकुलों से पहुंचे 80 चयनित विद्यार्थियों ने पांच अलग-अलग विधाओं में अपनी प्रतिभा, ज्ञान और त्वरित सोच का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि युवा सरपंच रवि सिंगौर ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि पठन क्षमता, त्वरित गणना और सामान्य ज्ञान बच्चों में आत्मविश्वास एवं रचनात्मक सोच विकसित करने की मजबूत नींव हैं। आज के प्रतिभागी ही भविष्य के राष्ट्र निर्माता हैं।
पांच विधाओं में विद्यार्थियों ने किया शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में स्पीड रीडिंग, स्टोरी टेलिंग, स्पीड कैलकुलेट, मैथ्स मैजिक और सामान्य ज्ञान जैसी विधाओं को शामिल किया गया।
- स्पीड रीडिंग: साक्षी जैन प्रथम और रूबी देवांगन द्वितीय रहीं।
- स्टोरी टेलिंग: झरना साहू ने प्रथम और धारणी साहू ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
- स्पीड कैलकुलेट: खेम साहू प्रथम और सेविका निषाद द्वितीय रहीं।
- मैथ्स मैजिक: रेशमी ने प्रथम और जीतू खरे ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
- सामान्य ज्ञान: रिधि ठाकुर प्रथम और हितेश्वरी यादव द्वितीय रहीं।
शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
प्रतियोगिता को व्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न कराने में जोन प्रभारी सुशील सूर्यवंशी और महेंद्र कुमार बहादुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में संस्था के प्राचार्य आर.के. चौरे, शाला विकास समिति (SMC) अध्यक्ष तुलाराम सिंगौर, कामता सिंगौर सहित शिक्षकगण और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना।

