Raipur News : गौसिया मस्जिद के पास युवक की हत्या से मचा हड़कंप, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Raipur News : गौसिया मस्जिद के पास युवक की हत्या से मचा हड़कंप, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर में रविवार देर रात युवक की धारदार हथियार से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गौसिया मस्जिद के पास दो अज्ञात हमलावरों ने युवक पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास युवक और दो अज्ञात हमलावरों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान युवक ने आरोपियों से बचने के लिए एक्टिवा से भागने का प्रयास किया। इसी दौरान उसकी स्कूटी नाली में फंस गई और वह सड़क पर गिर गया। पीछा कर रहे हमलावरों ने उसे पकड़ लिया और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

घटना में डंगनिया निवासी 22 वर्षीय अहमद खान गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। आरोपियों की पहचान के लिए इलाके में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे विवाद की बात सामने आई है, हालांकि पुरानी रंजिश या किसी अन्य वजह से वारदात को अंजाम दिया गया, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


Related Articles