Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। कुकदूर पुलिस ने चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के जेवरात और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत करीब 2.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सुदूर वनांचल क्षेत्रों में बैगा आदिवासियों के सूने घरों की मोटरसाइकिल से रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
पुलिस के अनुसार, ग्राम ढपरापानी निवासी समियाबाई बैगा के घर से 23 से 28 जुलाई के बीच चांदी के जेवरात चोरी हुए थे। मामले में थाना कुकदूर में अपराध क्रमांक 46/26 दर्ज किया गया था। वहीं ग्राम छींदीडीह निवासी फूलेश्वरी बाई बैगा के घर से 20 से 25 अगस्त के बीच चांदी के जेवरात चोरी होने की शिकायत पर अपराध क्रमांक 54/26 दर्ज किया गया था।
दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नेऊर निवासी देवेन्द्र उर्फ द्वारिका कृषे, उम्र 24 वर्ष, चोरी के जेवरात बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG-09-JT-9476 से पहले सूने घरों की रेकी करता था। ग्रामीणों के खेती-किसानी के काम से बाहर जाने के दौरान वह मौका देखकर घरों में चोरी करता था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चांदी का लच्छा, सुतिया, ढार, चंद्रबली, चांदी के रुपये सहित अन्य जेवरात और चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा ने बताया कि चोरी की लगातार घटनाओं के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। रविवार को सूचना मिली कि एक व्यक्ति चांदी के जेवर बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद चोरी किए गए जेवरात बरामद कर लिए गए। वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की गई है।

