Chhattisgarh Pithora News : पिथौरा। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में जोक नदी के पुराने पुल पर कार और बाइक के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पुल से नीचे नदी में जा गिरे। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि बाइक सवार युवक गहरे पानी में लापता बताया जा रहा है। उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
यह हादसा सांकरा थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि रविवार को कार में चार लोग सवार होकर जोक नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान पुराने पुल पर कार की बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार और बाइक दोनों पुल से नीचे नदी में जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत और बचाव का प्रयास करते हुए कार सवार तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। दूसरी ओर बाइक सवार युवक गहरे पानी में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सांकरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस एवं रेस्क्यू टीम द्वारा लापता युवक की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। नदी में पानी की गहराई अधिक होने के कारण तलाश में सावधानी बरती जा रही है।
पुलिस ने हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल लापता युवक की तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

