Bijapur News: नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई में बड़ी सफलता, हथियार-विस्फोटक के साथ नक्सली सदस्य गिरफ्तार

Bijapur News: नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई में बड़ी सफलता, हथियार-विस्फोटक के साथ नक्सली सदस्य गिरफ्तार

Chhattisgarh Bijapur News: बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना बासागुड़ा और डीआरजी की संयुक्त टीम ने ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध नक्सली सदस्य को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल में घेराबंदी कर बोगम लखमू पिता पाण्डू, उम्र 39 वर्ष, निवासी चिन्नागेलूर, थाना तर्रेम को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चिन्नागेलूर DAKMS सदस्य के रूप में काम करने और नक्सलियों की विस्फोटक सामग्री को छिपाने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तलाशी के दौरान 50,050 रुपये नगद, एक BGL लॉन्चर, 18 BGL सेल, 12 तीर बम, एक हैंड ग्रेनेड, .303 के 15 जिंदा राउंड, 31 BGL कार्ट्रिज, एक INSAS खाली मैगजीन, बिजली के वायर, तीन राउंड चार्जर और एक ईमीटर लीड बरामद किया है।

बरामद सभी सामग्रियों को पुलिस ने विधिवत सीलबंद कर पंचनामा तैयार किया। मामले में आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस द्वारा नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रखा जा रहा है।


Related Articles