Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के हरदी स्थित शराब भट्ठी में शराब खरीदने के लिए लाइन में लगने को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक के साथ जमकर मारपीट की गई। हमले में गंभीर रूप से घायल राकेश प्रजापति की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हरदी स्थित शराब भट्ठी में शराब खरीदने के लिए लाइन में लगने के दौरान राकेश प्रजापति का एक युवक से विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने राकेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान धारदार वस्तु से हमला किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। मारपीट में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल राकेश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ घटना के पूरे क्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए शराब भट्ठी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और विवाद के दौरान हुई पूरी घटना की जांच की जा रही है।
मामले में सिरगिट्टी थाने में अपराध पंजीबद्ध करने की कार्रवाई जारी है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह और हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार को लेकर जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

