Chhattisgarh Balod News : बालोद। जिले के गोटूलमुंडाव गांव में प्राथमिक और माध्यमिक शाला के नए भवन की मांग को लेकर पालकों का आक्रोश सामने आया है। गुरुवार को पालकों ने स्कूल में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान स्कूल के बच्चे गेट के बाहर बैठकर पढ़ाई करते नजर आए।
प्राथमिक और माध्यमिक शाला में कुल 41 बच्चे अध्ययनरत हैं। पालकों का आरोप है कि स्कूल भवनों की स्थिति लंबे समय से खराब है, जिसके चलते बच्चों को अतिरिक्त कमरों में पढ़ाई करनी पड़ रही है। उनका कहना है कि जर्जर भवन के कारण बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रही हैं।
बताया जा रहा है कि करीब तीन साल पहले माध्यमिक शाला भवन की छत को नए सिरे से बनाने के लिए तोड़ा गया था, लेकिन अब तक भवन का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। वहीं प्राथमिक शाला का भवन भी जर्जर हालत में है।
स्कूल भवन की समस्या से नाराज पालकों ने नए भवन के निर्माण की मांग को लेकर स्कूल में तालाबंदी कर दी। प्रदर्शन के दौरान बच्चों ने स्कूल के गेट के सामने बैठकर पढ़ाई की। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे पालकों से बातचीत की और मामले को समझने का प्रयास किया।

