CG Sakti News: सक्ती। ग्राम करही की एक नाबालिग युवती गुरुवार को आत्मानंद स्कूल हसौद के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, युवती अपने प्रेमी के बाहर चले जाने से नाराज थी। बताया जा रहा है कि वह उसे वापस बुलाने की मांग कर रही थी। इसी दौरान वह मोबाइल टावर पर चढ़ गई और काफी देर तक नीचे उतरने से इनकार करती रही।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने युवती से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। लगातार समझाइश और बातचीत के बाद युवती नीचे उतरने के लिए तैयार हुई और सुरक्षित रूप से टावर से नीचे आ गई।
युवती के सकुशल नीचे उतरने के बाद पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

