Chhattisgarh Balod News : बालोद। कांकेर सांसद भोजराज नाग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह महादेव से प्रार्थना करने के बाद नींबू काटकर बारिश रोकने की बात कहते नजर आ रहे हैं। वीडियो मंगलवार को डौंडीलोहारा के मिनी स्टेडियम में आयोजित मातृ शक्ति कार्यक्रम का बताया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल हुए थे।
कार्यक्रम के दौरान मंच से संबोधित करते हुए सांसद भोजराज नाग ने कहा कि खराब मौसम के बीच मुख्यमंत्री के बालोद आने के लिए जब रात करीब 12 बजे प्रोटोकॉल जारी हुआ, तब उन्होंने बूढ़ादेव और महादेव से प्रार्थना की। सांसद ने दावा किया कि उन्होंने नींबू काटकर बारिश रुकवा दी, ताकि मुख्यमंत्री कार्यक्रम में पहुंच सकें।
सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम में पहुंच गए और कार्यक्रम भी पूरा हो गया। इसके बाद उन्होंने कहा कि अब अगर पानी गिरना है तो गिर सकता है। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इसे लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
डौंडीलोहारा के मिनी स्टेडियम में आयोजित मातृ शक्ति कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी रही। इसी कार्यक्रम के दौरान सांसद भोजराज नाग द्वारा बारिश को लेकर किया गया दावा अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

